पाण्डेय प्लाईवुड फैक्ट्री परिसर में आपसी विवाद को लेकर एक युवक की पीट–पीटकर हत्या

  • आपसी विवाद में युवक की पीट–पीटकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार
  • लाठी–डंडा, लात–घूसे से की थी बेरहमी से पिटाई – उतई पुलिस ने किया पर्दाफाश

उतई। थाना उतई क्षेत्र अंतर्गत डुमरडीह स्थित पाण्डेय प्लाईवुड फैक्ट्री परिसर में आपसी विवाद को लेकर एक युवक की पीट–पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी–डंडा, मोटरसाइकिल, मोबाइल व अन्य सामग्री भी जब्त की है।

घटना का विवरण —
सूचनाकर्ता प्रहलाद यादव (उम्र 45 वर्ष, निवासी रायपुर) ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मृतक राहुल कुमार (उम्र 24 वर्ष, निवासी गया, बिहार) अपने साथियों के साथ पाण्डेय प्लाईवुड फैक्ट्री डुमरडीह उतई में ठेका कार्य करता था। कार्य समाप्त होने पर ठेकेदार सोनू कुमार को कंपनी द्वारा भुगतान कर दिया गया और श्रमिक अलग-अलग स्थानों पर चले गए, किंतु राहुल कुमार वहीं रुक गया था।

इसी दौरान बीती रात फैक्ट्री परिसर के स्टाफ क्वार्टर में राहुल कुमार का विवाद साइट इंचार्ज अटल पाण्डेय एवं उसके साथियों से हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने राहुल कुमार को लात–घूसा और लाठी–डंडे से बेरहमीपूर्वक मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में घायल को बिना किसी सूचना के बस स्टैंड उतई में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

रविवार सुबह राहुल कुमार का शव बस स्टैंड के पास मिला। शरीर पर चोट के निशान पाए गए। जांच में पता चला कि आरोपियों ने पूर्व कार्यस्थल विवाद को लेकर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया था।

पुलिस कार्रवाई —
मर्ग जांच के बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 451/2025 धारा 103, 296, 351(3), 238, 189, 190 बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिन्होंने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लाठी–डंडा, मोबाइल व कपड़े जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी —

  1. अटल पाण्डेय उर्फ प्रदीप पाण्डेय पिता लालमन पाण्डेय, निवासी प्रतापगढ़ (उ.प्र.)
  2. अंजनी सिंह उर्फ मनीष कुमार पिता दिनेश सिंह, निवासी मिर्जापुर (उ.प्र.)
  3. अमरनाथ प्रजापति पिता परमहंस प्रजापति, निवासी गोरखपुर (उ.प्र.)
  4. राहुल सिंह पिता तेजभान सिंह, निवासी चित्रकूट (उ.प्र.)
  5. अक्षय कुमार यादव पिता दिनेश यादव, निवासी पटना (बिहार)

सभी आरोपी वर्तमान में पाण्डेय प्लाईवुड फैक्ट्री डुमरडीह उतई में कार्यरत थे।

जांच दल —
थाना प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, सउनि सुरेश पाण्डेय, प्रआर नेमूप्रसाद साहू, आरक्षक धुवनारायण चन्द्राकर, राजीव दुबे, महेश यादव, एवं दिलीप सिदार की सक्रिय भूमिका रही।

अन्य पहलू की जांच जारी —
पुलिस द्वारा हत्या के पीछे अन्य संभावित कारणों एवं पूर्व विवाद की दिशा में भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *