ग्राम अरसनारा के गौठान में अस्थायी धान खरीदी केंद्र स्थापित करने का निर्णय

पाटन। छत्तीसगढ़ प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटी के पुनर्गठन योजना 2025 के तहत नवीन सोसायटी अरसनारा के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अरसनारा द्वारा दिए गए ज्ञापन के आधार पर आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में ग्राम पंचायत अरसनारा के गौठान परिसर को अस्थायी रूप से धान खरीदी केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।

सेवा सहकारी समिति मर्या. फुण्डा के आश्रित ग्रामों में शामिल अरसनारा एवं चीचा के किसानों से इस वर्ष धान की खरीदी नवगठित समिति अरसनारा के माध्यम से की जाएगी।

समयाभाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने फिलहाल गौठान क्षेत्र को उपयुक्त मानते हुए अस्थायी खरीदी केंद्र के रूप में चिह्नांकित किया है। ग्राम पंचायत ने जानकारी दी है कि गौठान में रखे गए मवेशियों के लिए पृथक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि धान खरीदी कार्य में किसी प्रकार की बाधा न हो।

सहकारी विभाग ने समिति प्रबंधन को निर्देशित किया है कि कृषकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अस्थायी केंद्र पर आवश्यक व्यवस्था तत्काल पूर्ण करें और की गई कार्यवाही की सूचना संबंधित कार्यालय को भेजें। यह निर्णय किसानों की सुविधा और खरीफ विपणन व्यवस्था की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *