एशिया कप 2025 : भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया

India vs pak : एशिया कप 2025 के रोमांचक लेकिन एकतरफा साबित हुए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 127 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फऱहान ने 40 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने अंत में ताबड़तोड़ 33 रन जोड़े। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर पाया। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, वहीं अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट हासिल किए।

जवाब में भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 15.5 ओवर में ही 131 रन बना डाले। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार 31 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।

भारत ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीतकर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दुबई स्टेडियम भारतीय दर्शकों की जयकारों से गूंज उठा, जबकि पाकिस्तानी खेमे में निराशा का माहौल छा गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह जीत भारत को टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में मनोबल बढ़ाने में मदद करेगी, वहीं पाकिस्तान को अब अगले मैचों में वापसी के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *