लोकेश्वर सिन्हा,,,
गरियाबंद। आज रक्षाबंधन है। भाई बहन के अटूट बंधन को मजबूती प्रदान करता ये त्यौहार गरियाबंद जिले में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। वही गरियाबंद नगर पालिका द्वारा शुरू की गई मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पालिकाध्यक्ष गफ्फू मेमन ने अपने साथियों के साथ रक्षाबंधन के अवसर पर जिले की महिला पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र के तौर पर मास्क वितरण किए गए।
पालिकाध्यक्ष गफ्फू मेमन ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पालिका द्वारा “एक रक्षासूत्र मास्क का” मुहिम शुरू की गई है जिसके तहत पालिका द्वारा सभी बहनों से अपील की गई है कि वे अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधते वक्त मास्क रूपी रक्षासूत्र भी अपने भाइयों के चेहरे पर पहनाए। ताकि घर से बाहर होने पर बहनों द्वारा पहनाया गया मास्क भाइयों को कोरोना महामारी से बचा सके।
इसी तारतम्य में आज रक्षाबंधन के दिन उनके द्वारा जिले की पुलिसकर्मी बहनों को मास्क वितरण किए गए है। ताकि महिला पुलिसकर्मी बहने भी अपने भाइयों को रक्षासूत्र बांधते वक्त मास्क रूपी रक्षासूत्र भी भेंट कर सके। उन्होंने कहा कि जिस तरह बहन द्वारा कलाई पर बांधी गयी राखी भाई को मुसीबतों से दूर रखने का काम करती है उसी प्रकार आज के दिन बहन द्वारा भाई को रक्षासूत्र के तौर पर दिया गया मास्क भी उसे कोरोना से बचाकर उसकी लंबी उम्र में सहायक सिद्ध होगा।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इसके अलावा उनके द्वारा तिरंगा चौक और बाजार चौक पहुंचकर भी माताओं बहनों को मास्क वितरण किए गए है। उन्होंने सभी माताओं बहनों से अपील करते हुए रक्षासूत्र के तौर पर राखी के साथ एक मास्क अनिवार्य रूप से देने की अपील की है। उन्होंने खुद एक बुजुर्ग महिला को अपने हाथों से मास्क पहनाया और बुजुर्ग महिला को घर से बाहर निकलने पर हमेशा मास्क लगाने का आग्रह किया।
इस दौरान उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनटेके, सभापति आसिफ मेमन, वंशगोपाल सिन्हा, नीतू देवदास,
विमला साहू और छगन यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
