स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय, कुम्हारी में इंडक्शन कार्यक्रम सम्पन्न

-विक्रम शाह ठाकुर

कुम्हारी। स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय, कुम्हारी में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन परिवेश, शैक्षणिक ढाँचे, पाठ्यक्रमों एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना तथा उनके समग्र व्यक्तित्व विकास हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना था। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पार्षद प्रवीण राव ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने महाविद्यालय में नामांकन वृद्धि की आवश्यकता पर बल दिया एवं यह आश्वासन भी दिया कि वे महाविद्यालय तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाविद्यालय की निरंतर प्रगति, प्राचार्य डॉ. (श्रीमती) सोनिता सत्संगी के सक्षम नेतृत्व का प्रतिफल है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा – यदि आपने इस महाविद्यालय में प्रवेश लिया है, तो निश्चित रूप से कुछ लक्ष्यों के साथ आए हैं। उन लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सतत प्रयास करें। सफलता के लिए आत्मविश्वास और साहस अत्यंत आवश्यक हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता एवं वरिष्ठजनों का आशीर्वाद सदैव प्राप्त करते रहने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्य महोदया डॉ. (श्रीमती) सोनिता सत्संगी ने इंडक्शन कार्यक्रम के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बौद्धिक, शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक विकास का आधार है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक सजग, संवेदनशील एवं श्रेष्ठ नागरिक बनने की प्रक्रिया है।उन्होंने विद्यार्थियों को “उद्देश्य, ऊर्जा और उत्साह” को जीवन का मूलमंत्र मानते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया।कार्यक्रम में एन.ई.पी. सेल की संयोजक सुश्री नेहा कुमारी द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत क्रेडिट प्रणाली, कोर्स संरचना, सेमेस्टर प्रमोशन नियम, तथा बी.ए.,बी.एस.सी. एवं बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।इसके पश्चात महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापकों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों, विषयों तथा विभिन्न छात्र-सहायता समितियों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बैच एवं पहचान-पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मौसमी राय चौधरी द्वारा तथा आभार प्रदर्शन सुश्री नेहा कुमारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न हुआ। नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं की उत्साही सहभागिता ने इस कार्यक्रम को अत्यंत जीवंत, प्रभावशाली एवं स्मरणीय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *