शराब दुकान के विरोध में सड़क पर उतरी महिलाएं, फैसला वापस नहीं लेने पर चक्काजाम और विधानसभा घेराव की दी चेतावनी

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे ग्राम दोंदेखुर्द के ग्रामीणों ने गांव में शराब दुकान खोलने का विरोध करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने अंबेडकर चौक पर तख्ती लेकर प्रदर्शन किया और सरकार से पूछा कि क्या शराब दुकान खोलने से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का उद्देश्य पूरा हो पाएगा। शराब दुकान खोलने के निर्णय को वापस नहीं लेने पर चक्काजाम और विधानसभा घेराव की चेतावनी भी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि शराब दुकान जबरदस्ती लोगों पर थोपा जा रहा है। आसपास के छपोरा, लालपुर, सेमरिया, मटिया, दोन्दे कला सहित कई गांव है, जिन्होंने शराब दुकान खोलने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद सरपंच अशोक साहू की सहमति के साथ दोंदेखुर्द में शराब दुकान खोला जा रहा है। गांव वाले इस बात से चिंतित हैं कि आने वाली पीढ़ी को कैसे बचाया जाए। सरकार और प्रशासन ही शराब सेवन पर जोर दे रहा है। शराब से बच्चों का भविष्य तो बर्बाद होगा, साथ ही महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा भी बढ़ेगा।

अम्बेडकर चौक में प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन के अधिकारी उमाशंकर बांदे मौके पर पहुंचे, जिन्हें ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी भी दी कि यदि शराब दुकान खोलने के निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो चक्काजाम एवं विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *