-विक्रम शाह ठाकुर
कुम्हारी। खरीफ फसल की बुवाई शुरू होते ही किसानों को खाद-बीज की अनुपलब्धता का सामना करना पड़ रहा है, जिसे लेकर ब्लॉक काँग्रेस कमेटी कुम्हारी ने सोमवार को सेवा सहकारी समिति पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम भिलाई-3 तहसीलदार पवन ठाकुर को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को तत्काल खाद-बीज उपलब्ध कराने और डीएपी खाद की जगह एनपीके खाद दिए जाने पर चिंता व्यक्त की गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों ने खरीफ फसल की बुवाई शुरू कर दी है, लेकिन सहकारी समितियों में खाद-बीज उपलब्ध नहीं है। ज्ञापन में विशेष रूप से डीएपी खाद की अनुपलब्धता का जिक्र किया गया है और आरोप लगाया गया है कि इसके स्थान पर किसानों को एनपीके खाद दिया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि धान की फसल को फास्फोरस की अधिक आवश्यकता होती है और एनपीके खाद में फास्फोरस की मात्रा कम होती है, जिससे धान की पैदावार में तीस प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। काँग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर षड्यंत्र पूर्वक डीएपी खाद को बंद कर किसानों को नुकसान पहुँचाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से खाद-बीज की अनुपलब्धता और कम पैदावार वाले खाद बांटे जाने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीएपी खाद और बीज की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह राज्य स्तरीय एक बहुत बड़ी समस्या है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी सोसाइटी में डीएपी खाद की उपलब्धता नहीं है और यह राज्य सरकार की मंशा है कि उन्होंने 21 क्विंटल धान लेने का निर्णय तो लिया है लेकिन अगर डीएपी खाद नहीं देंगे तो किसानों का उत्पादन 21 क्विंटल नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने फायदे के लिए किसानों का नुकसान कर रही है। हालांकि, सेवा सहकारी समिति कुम्हारी के प्राधिकृत अधिकारी मनोज वर्मा का कहना है कि कुम्हारी सेवा सहकारी समिति में किसी भी खाद की कोई कमी नहीं है और उनके पास भरपूर मात्रा में खाद उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी किसानों से इस बाबत जानकारी भी ली जा सकती है। हमारे सोसाइटी में भरपूर मात्रा में खाद उपलब्ध है। ज्ञापन सौंपने के दौरान काँग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, मनहरण यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत, महेश सोनकर, पार्षद श्रीमती जानकी ध्रुव, पार्षद लेखराम साहू, पार्षद विकास सोनकर, पार्षद डिकेंद साहू, फुसनू कुर्रे, विजय वर्मा, प्रकाश गज्जर, दिलीप चौधरी, विनोद साहू, राम गोपाल सिन्हा एवं देवा साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
