दुर्ग। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए दुर्ग में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों इंतजार के बाद भी लोगों के काम समय पर नहीं हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग दुर्ग जिले में बनाए गए एक सेंटर का पता गलत लिखा होने के कारण उपभोक्ताओं को चक्कर लगाना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि दुर्ग में फिटमेंट सेंटर न्यू छत्तीसगढ़ सेंटर शॉप 45 पारख कांपलेक्स स्टेशन रोड दुर्ग छत्तीसगढ़ के नाम से है। उक्त पता पर नंबर प्लेट लगाने पहुंचने पर लोगों को वहां से प्रथम वाहिनी एच पी पेट्रोल पंप के पास कातुलबोर्ड रोड स्थित न्यू छत्तीसगढ़ सेंटर में भेजा जाता है। पारख कांपलेक्स के पते दिए गए पता के साथ मोबाइल नंबर 9981491867 दिया गया है। इस नंबर पर संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिलता है।

कुछ लोगों के रसीद में प्रथम वाहिनी एच पी पेट्रोल पंप के पास कातुलबोर्ड का पता लिखा हुआ मिला इसमें भी जो मोबाइल नंबर 7415181370 दिया गया है वह नंबर सर्विस में नहीं बताया जा रहा है। यही नहीं दिए गए लोकेशन को ट्रेस करने पर सर्वर इरर का मेसेज आता है। दूर दराज से आने वाले लोगों को लोकेशन नहीं मिलने के कारण खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

लेकिन उपभोक्ताओं की परेशानी यही पर खत्म नहीं होता है। सेंटर के स्टॉप उपभोक्ताओं से सीधे मुंह बात करने को तैयार नहीं है। उपभोक्ताओं के अपाइंटमेंट रसीद में नंबर प्लेट लगाने का समय सुबह 10 से 12.55 दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक भोजनवअकाश एवं 2.05 बजे से 6 बजे तक का समय दिया गया है। उपभोक्ता रसीद में दिए समय के अनुसार पहुंचते है तो उन्हें दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक लंच का समय है कहकर बिठा दिया जाता है। कुछ बोलने पर कहा जाता है अगर जाना है तो जा सकते फिलहाल लंच का समय है अभी कुछ नहीं कर सकते।

प्रदेश में परिवहन विभाग की ओर से हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का काम प्राइवेट कंपनियों को सौंपा गया है। लोगों की शिकायत है कि नंबर प्लेट लगाने में कंपनियों की ओर से देरी की जा रही है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग नंबर प्लेट लगाने आ रहे हैं।
कंपनी के पास इतने स्टाफ नहीं है, जो जल्दी से काम करे। लोगों ने बताया कि हम कंपनी के लोगों को नंबर प्लेट खुद लगवाने कह रहे हैं तो भी इसे हैंडओवर नहीं किया जा रहा है। कहते हैं कि नंबर प्लेट खुद लगाकर देंगे।
उपभोक्ताओं को नंबर प्लेट फिटिंग सेंटर में हो रही दिक्कतों के बारे में जानकारी लेने पर जिला परिवहन अधिकारी एस एल लकड़ा ने कहा मामले की जानकारी लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने निर्देशित किया जाएगा।
