आज 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है. इस मौके पर पहाड़ों से लेकर रेगिस्तान तक जगह-जगह योग दिवस की पूरी तैयारी है। इस दौरान पीएम मोदी के साथ विशाखापत्तनम में करीब तीन लाख लोगों ने योगाभ्यास किया। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद और राजनाथ सिंह ने उधमपुर में योगाभ्यास किया।
विशाखापट्टनम में इस मौके पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ‘मैं भारत और दुनिया के लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देता हूं. योग ने दुनिया को एक साथ ला दिया है. 175 देशों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए भारत के प्रस्ताव का समर्थन किया, यह कोई साधारण उपलब्धि नहीं है. ‘आज पूरी दुनिया तनाव से गुजर रही है, कई क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता फैल रही है. ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है. इस साल के अंतराष्ट्रीय योग दिवस के लिए थीम है… एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य…’

जब व्यक्ति अपने हित से ऊपर उठकर समाज की सोचता है, तभी पूरी मानवता का हित होता है. भारत की संस्कृति हमें सिखाती है- सर्वे भवंतु सुखिनः यानी सभी का कल्याण ही मेरा कर्तव्य है. मैं से हम की यात्रा ही सेवा, समर्पण और सह-अस्तित्व का आधार है. दुर्भाग्य से आज पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है. कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है. ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है.’
‘विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योग की विज्ञान को आधुनिक रिसर्च से और अधिक सशक्त कर रहा है. देश के बड़े बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च में जुटे हैं. योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले ये हमारा प्रयास है…’
पीएम मोदी ने कहा, ‘बढ़ता मोटापा पूरी दुनिया के लिए एक चुनौती है. मैंने मन की बात कार्यक्रम में इसपर विस्तार से चर्चा की थी. इसके लिए अपने खाने में 10% तेल कम करने का चैलेंज भी शुरू किया था. मैं एक बार फिर दुनियाभर के लोगों को इस चैलेंज से जुड़ने का आह्वान करता हूं.’
पीएम मोदी ने अपने संबोधन का अंत करते हुए लोगों से आह्वान किया, ‘आइए, हम सब मिलकर योग को एक जन आंदोलन बनाएं. एक ऐसा आंदोलन, जो विश्व को शांति, स्वास्थ्य और समरसता की ओर ले जाए. जहां हर व्यक्ति दिन की शुरुआत योग से करे और जीवन में संतुलन पाए. जहां हर समाज योग से जुड़े और तनाव से मुक्त हो. जहां योग मानवता को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बने. और जहां ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ एक वैश्विक संकल्प बन जाए.’
