कुम्हारी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज सुशासन तिहार के तहत कुम्हारी नगर पालिका परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने निगम के विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्यशैली में पारदर्शिता और तत्परता लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने निगम अधिकारियों से चल रहे कार्यों, जनहित योजनाओं की प्रगति और ‘सुशासन तिहार’ के तहत मिल रही जनशिकायतों के समाधान की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। कई विभागीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।

उन्होंने कार्यालय में रखे अटेंडेंस रजिस्टर की जांच की और नियमित कर्मचारियों की ऑनलाइन अटेंडेंस की भी जांच की। उन्होंने सीएमओ को अटेंडेंस में लापरवाही के लिए फटकारते हुए कहा कि काम समय पर और ठीक तरीके से पूरा किया जाए। श्री साव ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि यह आम जनता को जवाबदेह प्रशासन देने का अवसर है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें और जनसेवा में लापरवाही न बरतें।
