रायपुर। प्रदेश में विष्णुदेव साय सरकार के गठन के बाद जिस हिसाब से किसानों और महतारी बंधन योजना में राशि प्रदान की गई, प्रदेश के कर्मचारी पेंशनर भी केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता की अपेक्षा कर रहे थे। लगातार कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन व कर्मचारी संगठन मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री से भेंट मुलाकात किये फिर भी प्रदेश के कर्मचारी व पेंशनर महंगाई भत्ता से वंचित है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने कहा है कि 1 जुलाई 2023 एवं 1 जनवरी 2024 का चार-चार प्रतिशत महंगाई भत्ता केंद्रीय कर्मचारियों को, अखिल भारतीय सेवा यथा पुलिस सेवा, वन सेवा, प्रशासनिक सेवा, मंत्रालय के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा है। किंतु प्रदेश के कर्मचारियों को वंचित रखा गया है। कहीं न कहीं भेदभाव से निराशा उत्पन्न हो रही है। महंगाई सबके लिए बराबर है। फिर महंगाई भत्ता में भेदभाव अनुचित है। श्री झा ने शीघ्र केंद्रीय कर्मचारियों के समान 8% महंगाई भत्ता बढ़ाये जाने की मांग की है।
