पाटन। कृषि विभाग जिला दुर्ग द्वारा पाटन विकासखण्ड अंतर्गत सामुदायिक भवन अटारी में आयोजित समारोह में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने 43 हजार से ज्यादा किसानों के खातों में धान के अंतर की राशि का अंतरण किया। इस मौके पर उन्होंने कृषकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश के 24.72 लाख से भी अधिक किसानों के खाते में 13320 करोड़ रुपए की राशि का वितरण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत किया जा रहा है। दो दिन पहले ही छत्तीसगढ़ की 71 लाख से भी अधिक माताओं बहनों के खाता में महतारी वंदन योजना की किश्त आ चुकी है।विधायक सेन ने बताया कि 1 नवंबर 2023 से 4 फरवरी 2024 तक समर्थन मूल्य पर 87 समितियों और 102 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की गयी है। दुर्ग जिले के दुर्ग विकासखंड में 24 हजार 973 कृषकों को आज 122 करोड़, धमधा विकासखण्ड में 37 हजार 137 कृषकों को 217 करोड़ तथा पाटन विकासखण्ड के 43 हजार 668 किसानों के खाता में 197.57 करोड़ सहित कुल 537 करोड़ 60 लाख रूपये का भुगतान किया गया है।
विधायक रिकेश सेन ने कहा जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है, आप सभी गारंटी का महत्व भलि भांति समझ चुके होंगे। प्रधानमंत्री मोदीजी की गारंटी हमें सिर्फ तीन महीने के भीतर लगातार मिल रहा है। किसानों के हित में छत्तीसगढ़ सरकार ने पूर्व में जो जो योजनाएं किसानों के लिए बनाईं थीं, उन योजनाओं का लाभ हम सब लोगों को मिलने लगा है।
इस मौके पर प्रमुख रूप से दुर्ग जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या कलिहारी, जिला पंचायत सदस्य हर्षा चंद्राकर,मंडल अध्यक्ष खेमलाल साहू,लोकमणी चंद्राकर, ,निक्की भाले,राजा शर्मा,केवल देवांगन,हरीशंकर साहू,पोसुराम निर्मलकर,रवि सिन्हा,घनश्याम कौशिक सहित अन्य उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मिल रहा है-रिकेश सेन
