* रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनियमित कर्मचारियों के भविष्य में अंधकार उत्पन्न हो रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा सदन में अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण के संबंध में दिए गए जवाब से अनियमित कर्मचारियों में भयंकर आक्रोश व वादा खिलाफी स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है। आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष नंदन कुमार सिंह एवं सचिव विजय कुमार झा ने कहा है कि मुख्यमंत्री का वक्तव्य 100 दिन में चले अढ़ाई कोस के समान है। नेताद्वय ने कहा है कि अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष संतोष खांडेकर राजेन्द्र साहू, के नेतृत्व में धरना स्थल तूता में 1 मार्च को धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री निवास धेराव हेतु कूच किए, जिसे पुलिस प्रशासन के द्वारा रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया। धरना प्रदर्शन उपरांत निर्णय लिया गया था कि 6 मार्च को बजट सत्र में नियमितिकरण न होने पर 10 मार्च को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। किंतु 2 मार्च को विधानसभा में अनियमित् कर्मचारियों के विधानसभा प्रश्न का जवाब देते हुए 10 दिनों में नियमितीकरण करने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री ने अपने जवाब में कहा कि वर्ष 2019 में कमेटी का गठन किया गया, वर्ष 2020 में कमेटी की पहली बैठक होने, 24 विभागों ने जानकारी दी है तथा 22 विभागों से जानकारी अप्राप्त है। जानकारी प्राप्त होने के बाद कमेटी विचारोंपरांत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। जिस पर निर्णय लिया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि वर्तमान सरकार में नियमितिकरण की इच्छा शक्ति का अभाव है। अच्छा होता मुख्यमंत्री यह कहते कि साढ़े 4 साल के कार्यकाल में विभागों से अनियमित कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। जिन्होंने जानकारी नहीं दिया उन अधिकारियों को निलंबित किया जावेगा, कारण बताओ नोटिस दिया जाए या अनुशासनात्मक कार्रवाई किया जावेगा। अनियमित कर्मचारी महासंघ के संरक्षक गोपाल प्रसाद साहू, नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय ऐड़े, स्कूल सफाई कर्मचारी संघ प्रवक्ता प्रदीप वर्मा, वन विभाग दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ महासचिव राम नारायण सिंहा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका महासंघ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पद्मावती साहू, श्रीमती सरिता पाठक, अनियमित कर्मचारी संघ अध्यक्ष रवि गढ़पाले, मनरेगा कर्मचारी संघ अध्यक्ष सूरज साहू, स्कूल सफाई कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलू ओंगरे, बिजली दैनिक वेतन भोगी, बिजली कर्मचारी दैनिक वेतन भोगी अध्यक्ष प्रीतेश साहू, प्रेरक संघ प्रदेश अध्यक्ष आर के नायक, अनुकंपा नियुक्ति कल्याण संघ अध्यक्ष श्रीमती माधुरी मृगे, आदि ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 24 घंटे में विभागों से जानकारी मंगाकर नियमितिकरण की घोषणा करने की मांग मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से की है।
मुख्यमंत्री के सदन में दिए गए जवाब से नियमितीकरण-100 दिन में चले अढ़ाई कोस-आपनेता विजय झा
RELATED ARTICLES